बलरामपुर। नवागत डीएम विपिन कुमार जैन ने बृहस्पतिवार सुबह नौ बजे संयुक्त जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। डीएम ने सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड व एक्सरे जांच की की बेहतर सुविधा देने का निर्देश सीएमओ को दिया। मरीजों को मुफ्त में स्वास्थ्य सुविधाएं में कोताही न बरतने की बात कही। बाहर से दवा लिखने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
डीएम ने ओपीडी कक्ष, इमरजेंसी कक्ष, प्रसव कक्ष, सीटी स्कैन कक्ष, अल्ट्रासाउंड कक्ष, पैथोलॉजी, एसएनसीयू, पेयजल व्यवस्था व शौचालय की साफ-सफाई का जायजा लिया। उन्होंने मरीजों से संवाद कर स्वास्थ्य सुविधाओं का फीडबैक भी लिया। इमरजेंसी कक्ष को और विस्तारित करने और सीटी स्कैन, एक्सरे व अल्ट्रासाउंड के सभी उपकरणों की नियमित जांच एवं सुचारु संचालन का निर्देश दिया। चिकित्सकों को ड्रेस कोड में अस्पताल आने व मरीजों को बाहर की दवा न लिखने का निर्देश दिया। इस अवसर पर सीएमओ डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी, सीएमएस डॉ. राजकुमार व गुणवत्ता प्रबंधक डॉ. रुचि पांडेय आदि मौजूद रहे।
सुबह सात बजे पहुंचे वीर विनय चौराहा
नवागत डीएम शहर में साफ-सफाई का जायजा लेने के लिए सुबह सात बजे ही वीर विनय चौराहा पहुंचे गए। स्थानीय लोगों से बातचीत कर सफाई व्यवस्था के बारे में फीडबैक लिया। डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन की हकीकत परखी। डीएम ने बेहतर सफाई व्यवस्था के लिए सफाई कर्मियों की संख्या बढ़ाए जाने व सफाई कर्मियों का वार्डवार क्षेत्र निर्धारित करने का निर्देश दिया। इसके बाद डीएम ने झारखंडी मंदिर में अक्षय नवमी पर होने वाली परिक्रमा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। झारखंडी सरोवर के सुंदरीकरण कार्य का आकलन किया। इस अवसर पर एडीएम वित्त एवं राजस्व ज्योति राय, एसडीएम हेमंत कुमार व ईओ लालचंद्र मौर्य आदि मौजूद रहे।
कलेक्ट्रेट में पटलों का किया निरीक्षण
डीएम ने कलेक्ट्रेट के पटलों का निरीक्षण कर कार्यों का जायजा लिया। राजस्व अभिलेखागार, भूलेख, आयुध, एलबीसी, सीआरए, नजारत, कोषागार, एनआईसी व आपदा प्रबंधन कार्यालयों का निरीक्षण किया। डीएम ने सभी अभिलेखों को सुव्यस्थित ढंग से रखे जाने, पटल सहायक का नाम एवं कार्यों का विस्तृत विवरण टेबल पर अंकित किए जाने का निर्देश दिया। कोषागार में आने वाले वरिष्ठ पेंशनर्स के लिए बैठने के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने की बात कही।