बलरामपुर। बेसिक शिक्षा कार्यालय परिसर में सोमवार को शिक्षकों व कर्मचारियों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर विरोध जताया। इस दौरान शिक्षकों व कर्मचारियों ने उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा अधिकरण विधेयक 2021 को काला कानून करार देते हुए इसकी प्रतियां फूंकी और सरकार से इसे वापस लेने की मांग की।
धरना स्थल पर एकत्रित शिक्षकों व कर्मचारियों को संबोधित करते हुए अध्यक्ष शिक्षक महासंघ ज्ञान सागर पाठक सहित अन्य वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षक व कर्मचारियों को परेशान करने के मकसद से ही विधेयक के बतौर काला कानून पारित कर रही है। इसी के विरोध में प्रांतीय नेतृत्व के निर्देश पर धरना प्रदर्शन में जुटे संगठन के सभी घटक के लोगों ने विधेयक की प्रतियां जला इसे तत्काल वापस लेने की मांग की।
सभी का कहना था कि इस कानून के पारित होने से शिक्षकों व कर्मचारियों को भविष्य में तमाम तरह की परेशानियों से जूझना पड़ेगा। इसी को देखते हुए शिक्षक कर्मचारी लामबंद होकर विरोध इस काले कानून का प्रदेश व्यापी स्तर पर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। धरना प्रदर्शन में शिक्षक नेता भगवती प्रसाद शुक्ल, अशोक कुमार पांडेय, शिव कुमार सोनी, रश्मि सिंह, अंजू कुशवाहा बड़ी संख्या में शिक्षक व कर्मचारी शामिल हुए।