गैसड़ी। क्षेत्र के ग्राम जमधरा में बदहाल सड़क और स्थायी जलभराव से नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार को विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने मुख्य संपर्क मार्ग पर धान की रोपाई कर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ अपना आक्रोश जताया। उनका कहना था कि सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि अब यह सड़क कम और खेत ज्यादा दिखाई देती है। नाराज ग्रामीणों के चेताया कि जल्द ही रोड दुरुस्त न हुई तो पंचायत चुनाव का बहिष्कार करने को विवश होंगे।
ग्रामीण मोहम्मद इसरार, शमसुद्दीन खान, अहसानुल्लाह, सुहेल, जमाल, धनीराम समेत अन्य लोगों ने बताया कि जमधरा गांव के मुख्य मार्ग पर पिछले तीन वर्षों से जलभराव की समस्या बनी हुई है। वर्ष भर सड़क पर पानी और कीचड़ भरा रहता है, जिससे राहगीरों, स्कूली बच्चों, मरीजों और किसानों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। यह सड़क लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की है, जो डालपुर-बकौली तिराहे से होकर जमधरा, भोजपुर थारू, खखरा, बिशुनपुर कला, रमवापुर थारू, लालपुर, दरजानिया समेत दर्जनों गांवों को जोड़ती है।
मरम्मत न होने से करीब पांच किलोमीटर लंबी इस सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। लोगों का कहना है कि अब यह पहचानना मुश्किल हो गया है कि सड़क में गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि चुनाव के समय जनप्रतिनिधि केवल आश्वासन देकर चले जाते हैं, लेकिन चुनाव खत्म होते ही इस सड़क की सुध लेने वाला कोई नहीं रहता। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आगामी विधानसभा और त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव से पहले सड़क का निर्माण नहीं कराया गया तो क्षेत्रवासी रोड नहीं तो वोट नहीं के नारे के साथ चुनाव का बहिष्कार करेंगे।