रेहरा बाजार (बलरामपुर)। पिछले 11 दिनों रेहरा बाजार के 50 हजार लोग रात अंधेरे में काट रहे है। फीडर खराब होने से 40 गांवों की बिजली गुल है। क्षेत्रवासियों ने बीते दिन को प्रदर्शन कर विद्युत विभाग पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।
डीएम को शिकायती पत्र भेजकर समस्या का निराकरण कराए जाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है। क्षेत्रवासी अकबाल मलिक, रामदेव सिंह, चिंतामणि सिंह, सोनू सिंह, राजेंद्र सिंह, महीउद्दीन, अमरेश बहादुर सिंह, राम नरेश, मुन्नालाल व राम अभिलाख आदि ने धरने को संबोधित करते हुए कहा कि रेहरा बाजार पावर हाउस से संचालित सादुल्लाहनगर फीडर से 11 दिनों से विद्युत आपूर्ति ठप है।
क्षेत्र के सरायखास, छितलूपुर, अहरिनडीह, पांडेयपुरवा, मलिकडीह, सपहा, बनकटवा, तिवारीडीह, लोहरनडीह, दर्जीडीह, बारीडीह, चौहानडीह व लूका चौराहा सहित 40 गांवों में अंधेरा है। कई बार समस्या निराकरण के लिए विद्युत विभाग के टोल फ्री नंबर पर शिकायत की गई लेकिन अभी तक विभाग की तरफ से समस्या का निराकरण नहीं कराया गया।
समस्या का शीघ्र निराकरण न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। डीएम कृष्णा करुणेश ने क्षेत्रवासियों के शिकायत को संज्ञान में लेते हुए विद्युत विभाग के अफसरों व कर्मियों को तत्काल समस्या का निराकरण कराने का निर्देश दिया है।