बलरामपुर। प्रेरणा एप पर सेल्फी के माध्यम से उपस्थिति का प्रमाण भेजने को लेकर शिक्षकों का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। निजता के अधिकार का उल्लंघन बताकर शिक्षक आरपार की लड़ाई के लिए जुट गए हैं। प्रेरणा एप के खिलाफ जिले भर में विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है।
यूनाइटेड टीचर्स एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष देव कुमार मिश्र, जिला मंत्री अशोक कुमार सिंह, जिला संयोजक अभिषेक कुमार, कोषाध्यक्ष पीयूष कुमार शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मोहम्मद फैजान अंसारी, उपाध्यक्ष बलवीर सिंह, संगठन मंत्री शिव प्रसाद वर्मा, संयुक्त मंत्री कौशल कुमार व सचिन कुमार शुक्ल आदि ने काली पट्टी बांधकर स्कूलों में विरोध जताया।
शिक्षकों का आरोप है कि प्रदेश सरकार ने प्रेरणा एप लागू कर निजता के अधिकार का उल्लंघन किया है। प्रदेश सरकार की तमाम वेबसाइटें सुरक्षित नहीं हैं। स्कूल की शिक्षिकाओं व बेटियों का फोटो प्रेरणा एप पर अपलोड होने के बाद दुरुपयोग किया जा सकता है। सरकार यह आश्वासन दें कि प्रेरणा एप पर अपलोड होने वाली फोटो का दुरुपयोग नहीं होगा तभी शिक्षक अपनी लड़ाई खत्म करेंगे।
शिक्षा क्षेत्र शिवपुरा के यूटा के अध्यक्ष ऋषि मुनि वर्मा, मंत्री अविनाश त्रिपाठी, तुलसीपुर शिक्षा क्षेत्र के यूटा अध्यक्ष अंकित सिंह, मंत्री तेज सिंह व श्रवण यादव, गैसड़ी शिक्षा क्षेत्र के यूटा अध्यक्ष राज प्रताप व मंत्री आशीष कुमार तथा पचपेड़वा शिक्षा क्षेत्र के यूटा अध्यक्ष संजय वर्मा व मंत्री अमित सिंह के नेतृत्व में ब्लॉक संसाधन केंद्रों पर प्रदर्शन कर विरोध जताया। शिक्षकों न चेतावनी दी कि प्रेरणा एप के खिलाफ आरपार की लड़ाई लड़ी जाएगी और सरकार को अपना फैसला बदलना होगा।