पातुलसीपुर (बलरामपुर)। स्थानीय नगर में शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पॉलीथिन मुक्त अभियान का शुभारंभ किया गया। प्रतिबंधित पॉलीथिन के उत्पादों का प्रयोग न करने का संकल्प लिया गया। अभियान में व्यापार मंडल व नगर पंचायत के संयुक्त प्रयास से लोगों को जागरूक किया गया।
ईओ नगर पंचायत तुलसीपुर अनिरुद्घ कुमार, अध्यक्ष प्रतिनिधि फिरोज पप्पू, व्यापार मंडल अध्यक्ष रामजी आर्य के संयुक्त अगुवाई में पॉलिथीन मुक्त अभियान का शुभारंभ किया गया। अस्पताल तिराहा, बैरागीपुरवा, चौक, नई बाजार व हनुमानगढ़ी चौराहे तक सभी छोटे-बड़े व्यापारियों से प्रतिबंधित पॉलीथिन का प्रयोग न करने तथा बिक्री व भंडारण न करने की अपील की है।
व्यापार मंडल महामंत्री रूप चंद्र गुप्ता ने कहा कि नगर को साफ-सुथरा रखना हम सभी का कर्तव्य है। प्रधानमंत्री ने पॉलीथिन मुक्त देश बनाने अग्रह किया है। हम सभी को प्रधानमंत्री के बताए गए मार्ग पर चलने का संकल्प लेना चाहिए।
ईओ ने चेतावनी दी कि 15 सितंबर के बाद यदि किसी के पास प्रतिबंधित पॉलीथिन पाई जाएगी तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अभियान में श्याम बिहारी, प्रदीप गुप्ता, दीपक चौरसिया, अनिल लाठ, सरदार बब्लू सिंह, गुरमुख सिंह, रामसेवक, जय सिंह, अभय देव, निजामुद्दीन व पाटेश्वरी प्रसाद सहित तमाम व्यापारी मौजूद रहे।