बलरामपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर जिले में कार्यक्रमों की धूम रही। जिले के प्रभारी मंत्री चेतन चौहान ने दो दिवसीय जनपद भ्रमण के दौरान पहले दिन तुलसी पार्क में भाजपा की ओर से आयोजित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए जन-जन तक पहुंचाने की अपील की। संयुक्त जिला अस्पताल में रक्तदान शिविर के साथ जिलेभर में स्वच्छता व अन्य कार्यक्रम आयोजित किये गए।
दो दिवसीय जनपद भ्रमण पर पहुंचे प्रभारी मंत्री को यूपीटी होटल में गॉर्ड ऑफ ऑनर दिया गया। पूर्व सांसद दद्दन मिश्र, सदर विधायक पल्टूराम, तुलसीपुर विधायक कैलाशनाथ शुक्ल, उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश सिंह, डीएम कृष्णा करुणेश, एसपी देवरंजन वर्मा आदि ने प्रभारी मंत्री को पुष्प गुच्छ भेंटकर स्वागत किया। विश्राम के बाद प्रभारी मंत्री ने तुलसीपुर स्थित भाजपा कार्यालय के अटल भवन परिसर में प्रधानमंत्री के जीवन वृत्त पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का जन्मदिन देश में ही नहीं विदेशों में भी धूमधाम से मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश का नाम दुनिया के मानचित्र पर सुनहरे अक्षरों में सुसज्जित किया है। प्रदर्शनी में अनुच्छेद 370 पर भी विशेष रूप से फोकस किया गया।
प्रदर्शनी के माध्यम से प्रधानमंत्री के जीवन की उपलब्धियों को दर्शाया गया है। इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रप्रकाश सिंह गुड्डू, प्रवीण कुमार सिंह बिल्लू, अनूप चंद्र गुप्ता, कुसुम चौहान, जगदंबा सोनकर, बृजेंद्र तिवारी, हरीश चंद्र गोयल, झूमा सिंह, पिंकी सिंह, अपूर्व प्रताप सिंह सहित तमाम भाजपाई मौजूद रहे।
तुलसीपुर में प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर भाजपा विधायक कैलाशनाथ शुक्ल, जिला उपाध्यक्ष विष्णु देव गुप्ता, राम प्रसाद सिंह, बनारसीलाल मोदनवाल, दिलीप गुप्ता, देवेंद्र आदि ने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई कर प्रधानमंत्री के स्वच्छता कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया। अस्पताल में मौजूद मरीजों को फल भी वितरित किये गए।
रेहरा बाजार ब्लॉक के सरायखास गांव में भाजपा नेता अनिल श्रीवास्तव की अगुवाई में प्रधानमंत्री का जन्मदिन मनाया गया। यहां 101 महिलाओं, बच्चों व बुजुर्गों को अंगवस्त्र व फल वितरण किया गया। इस मौके पर अरविंद मिश्र, राधेश्याम श्रीवास्तव, उमेश मिश्र आदि मौजूद रहे।
पचपेड़वा में प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर कृषि विज्ञान केंद्र पर पौधरोपण व गोष्ठी का आयोजन हुआ। इफ्को के प्रबंधक डॉ. एसके वर्मा, अशोक पांडेय, डॉ. सियाराम कनौजिया, डॉ. डीके श्रीवास्तव, डॉ. प्रमोद व डॉ. भानु प्रताप सिंह ने कार्यक्रम में किसानों को उपयोगी जानकारी के साथ-साथ पौधरोपण के लिए आम, कटहल, नींबू, अमरूद व सहजन के पांच-पांच पौधे निशुल्क दिए। कृषि विज्ञान केंद्र परिसर में भी पौधरोपण किया गया। इस अवसर पर चंद्रिका प्रसाद, रामकली, अयोध्या, कमलेश सिंह आदि मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा ने सीएचसी में मरीजों को निशुल्क डिजिटल एक्स-रे सुविधा की सौगात दी है। विधायक ने डिजिटल एक्स-रे कक्ष का शुभारंभ करते हुए कहा कि केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार गरीब मरीजों को अस्पताल में सभी तरह की सुविधाएं मुहैया कराने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। विधायक ने मरीजों को फल बांटे और पौधरोपण किया।
संयुक्त जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर सदर विधायक पल्टूराम समेत 10 भाजपाइयों ने रक्तदान किया। इस दौरान प्रभारी मंत्री ने सदर विधायक का हालचाल लिया। अन्य रक्तदाताओं से भी बातचीत की। इस मौके पर सीएमओ डॉ. घनश्याम सिंह आदि मौजूद रहे। जिला अस्पताल के वार्ड में पहुंचकर प्रभारी मंत्री ने मरीजों का हालचाल लिया और फल वितरित किये।