बलरामपुर के उतरौला नगर में निकला सातवीं मोहर्रम का जुलूस।
- फोटो : BALRAMPUR
बलरामपुर। मानवता की भलाई के लिए कर्बला के मैदान में शहीद होने वाले हजरत इमाम हुसैन की याद में मोहर्रम की सातवीं तारीख को जुल्फिकार व अलम का जुलूस बड़े ही अकीदत के साथ निकाला गया। जुलूस में शामिल लोगों ने मजार पर फातिहा पढ़कर मुल्क की तरक्की एवं कौम की सलामती के लिए दुआ मांगी।
मोहर्रम सातवीं के दिन नगर के अलग-अलग मोहल्लों से जुल्फिकार व अलम का जुलूस निकाला गया। नगर के सिटी पैलेस स्थित सुन्नी इमामबाड़ा से जुल्फिकार व अलम का जुलूस मो. साबरि के नेतृत्व में रवाना हुआ। जुलूूस सिटी पैलेस से होते हुए मेजर चौराहा, पुरैनिया तालाब, नगर पालिका, यातिमखाना, सरायफाटक, गोविंदबाग, पानी टंकी, टेढ़ीबाजार व बलुहा होते हुए देर शाम मोहल्ला गदुरहवा स्थित बाबा हुरमत शाह की मजार पर पहुंचा।
यहां पर जुलूस में शामिल सभी अकीदतमंदों ने फातिहा पढ़ी। जुलूस पुन: सुन्नी इमामबाड़ा पहुंचकर समाप्त हुआ। इसी तरह अन्य मोहल्लों से भी जुल्फिकार व अलम का जुलूस बड़े ही अकीदत के साथ निकला।