फोटो-29-बलरामपुर के बहराइच रोड पर कराया जा रहा ओवरब्रिज का निर्माण ।-संवाद
बलरामपुर। झारखंडी रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज निर्माण की गति बढ़ने के साथ ही निर्माण क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया भी तेज हो गई है। वीर विनय चौराहे से झारखंडी क्रॉसिंग तक नाले की तरफ किए गए कब्जों को हटाने के लिए प्रशासन ने 55 कब्जेदारों को नोटिस जारी किया है। इससे अतिक्रमण हटाने को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लग गया है।
राजस्व अभिलेखों के अनुसार गाटा संख्या 2404 कब्रिस्तान के नाम दर्ज है। प्रशासन के मुताबिक इस भूमि पर 55 लोगों ने मकान और दुकान बनाकर स्थायी अथवा अस्थायी कब्जा कर रखा है। तहसीलदार सदर शशांक शेखर की ओर से सभी कब्जेदारों को नोटिस जारी कर सात दिन के भीतर स्वयं कब्जा हटाने का निर्देश दिया गया है। नोटिस में निर्धारित अवधि में कब्जा नहीं हटाने पर प्रशासन की ओर से कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।
नोटिस में यह भी कहा गया है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में होने वाले खर्च और किसी भी प्रकार की क्षति के लिए संबंधित कब्जेदार स्वयं जिम्मेदार होंगे। ओवरब्रिज निर्माण के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और निर्माण क्षेत्र को व्यवस्थित करने के लिए प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू की है।