फोटो-17-बलरामपुर के मंडी समिति में सब्जी खरीदते लोग ।-संवाद
बलरामपुर। भीषण गर्मी व बारिश के बीच एकाएक टमाटर का मूल्य बढ़ गया है। 20 रुपये किलो बिकने वाले टमाटर का भाव 50-55 रुपये पहुंच गया है। दोगुना मूल्य बढ़ने से किचन का बजट बिगड़ गया है। गृहणी दाल तड़का में टमाटर डालने के लिए सोचने लगी हैं। व्यापारी स्थानीय टमाटरों की आवक बंद होने के कारण मूल्य बढ़ने की बात कह रहे हैं।
भगवतीगंज मंडी समिति में स्थानीय व आसपास जनपदों से टमाटरों की आवक होती थी तब 20-30 रुपये किलो में टमाटर बिक रहा था। बीते एक सप्ताह से स्थानीय टमाटरों की आवक बंद हो गई है, ऐसे में एकाएक टमाटर का मूल्य बढ़ गया है। सब्जी व्यापारी अब्दुल कादिर, मो. कलीम व मो. शादाब ने बताया कि व्यापारी संभल व बंगलूरू से टमाटर मंगवा रहे हैं। ऐसे में लागत बढ़ने के कारण मूल्य में वृद्धि देखी जा रही है। मूल्य बढ़ने के कारण व्यापारी भी कम टमाटर का आयात कर रहे हैं। पहले जहां पांच ट्रक माल आता था, वहीं अब एक ट्रक की टमाटर मंगवाया जा रहा है। टमाटर का मूल्य बढ़ने के कारण आम लोगों का बजट भी प्रभावित हो गया है। गृहणी सोनी सिंह, राजरानी, पुष्पा व राधा ने बताया कि टमाटर रसोई का अहम हिस्सा माना जाता है। व्यंजनों का स्वाद बढ़ाने के लिए टमाटर का ही तड़का लगता है। टमाटर का सलाद व चटनी बनाने के लिए सोचना पड़ता है। फिलहाल महंगे टमाटरों ने आम आदमी की रसोई का स्वाद और बजट दोनों बिगाड़ दिए हैं।