-बलरामपुर में परीक्षा केंद्र का निरीक्षण करती डीआईओएस मृदुला आनंद।-स्रोत: स्वयं
बलरामपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा 24 फरवरी से जिले के 67 केंद्रों पर होगी। परीक्षा की व्यवस्थाओं की पड़ताल शुक्रवार को हुई। अपर उप जिलाधिकारी न्यायिक राजेंद्र बहादुर ने डीआईओएस को निर्देश दिया कि परीक्षा के दौरान व्यवस्थाओं पर कड़ी नजर रखी जाए।
उन्होंने एमपीपी इंटर कॉलेज में स्थापित कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। वहां से 67 केंद्रों के कक्षों पर नजर रखनी की व्यवस्था को परखा। निर्देश दिया कि सीसीटीवी कैमरे किसी भी दशा में बंद नहीं होनी चाहिए। कोई लापरवाही होने पर तत्काल केंद्र व्यवस्थापकों पर कार्रवाई की जाए। डीआईओएस मृदुला आनंद के साथ उन्होंने संकलन केंद्र का भी निरीक्षण किया।
यूपी बोर्ड परीक्षा की ड्यूटी में लापरवाही पर कार्रवाई भी शुरू हो गई है। डीआईओएस ने कंट्रोल रूम की ड्यूटी में लापरवाही पर राजकीय हाईस्कूल दारीचौरा के संविदा शिक्षक अरविंद कुमार मिश्र का मानदेय रोका है। ड्यूटी में लगे शिक्षकों और कर्मियों को चेतावनी दी है कि ड्यूटी में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उत्तर पुस्तिका में धार्मिक चिह्न या नाम लिखा तो माने जाएंगे अनुपस्थित
हाईस्कूल व इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में नकल रोकने के लिए इस बार कड़े इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर भेजे गए नियमावली में कहा गया है कि छात्रों ने कोई भी परीक्षा की उत्तर पुस्तिका पर अगर धार्मिक चिह्न या अपना नाम लिखा तो उसे परीक्षा से अनुपस्थित मान लिया जाएगा। यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 24 फरवरी से शुरू हो रही हैं, जो 12 मार्च तक चलेंगी। इसके साथ ही किसी भी परीक्षा केंद्र पर छात्रों की चेकिंग करते समय उनके जूते-मोजे नहीं उतरवाए जाएंगे। सभी परीक्षा केंद्र पर स्ट्रांग रूम के डबल लॉक में प्रश्नपत्र रखे गए हैं। 24 घंटे सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था की गई है। किसी भी छेड़छाड़ पर अलार्म बज जाएगा और हर गतिविधि रिकॉर्ड होगी।