बलरामपुर के देवीपाटन मंदिर में नारियल चढ़ाते श्रद्धालु।-संवाद
तुलसीपुर (बलरामपुर)। नवरात्र मेले की तैयारी के बीच मां पाटेश्वरी धाम देवीपाटन मंदिर में श्रद्धालुओं की आस्था उमड़ रही है। शुक्रवार को मंदिर में मां पांटेश्वरी के दर्शन का सिलसिला सुबह से ही शुरू हो गया। देर शाम तक दर्शन को लोग पहुंचते रहे।
मंदिर में उपनयन संस्कार (मुंडन) को शुभ माना जाता है। महाशिवरात्रि के बाद छह मार्च से होलाष्टक शुरू होने पर मुंडन संस्कार नहीं हो सकेगा। इसके चलते मुंडन कराने की शुक्रवार को होड़ रही। मुंडन कराने के बाद लोगों ने गोशाला के सामने मैदान में अपनी व्यवस्था से हलुआ पूड़ी बनवाई। मां पाटेश्वरी को चढ़ाने के साथ गोवंश को खिलाया। बच्चे को सूर्यकुंड में स्नान कराया और पूजन किया। नवदंपति भी अपने वैवाहिक जीवन की शुरुआत मां के आशीर्वाद से शुरू करने के लिए परिवार सहित पहुंचे और दर्शन पूजन किया।
लखनऊ से मुंडन कराने आए विपिन ने बताया देवीपाटन मंदिर में मुंडन कराना शुभ है। इसी तरह सिद्धार्थनगर से विवाह के बाद शुभम भी आशीर्वाद लेने पहुंचे। मुंडन संस्कार का कार्य देख रहे लोगों ने बताया कि शुक्रवार को 150 से अधिक मुंडन हुए हैं। सोमवार को काफी भीड़ होने की उम्मीद है। प्रभारी निरीक्षक संजय दुबे ने बताया कि मंदिर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मंदिर के भीतर और पूरे परिसर में पुलिस बल तैनात है। सीसीटीवी कैमरे भी मंदिर में लगे हैं, उससे भी निगरानी की जा रही है।