बलरामपुर। मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय में पहली बार अंतरमहाविद्यालयी खेल प्रतियोगिताएं आयोजित कराने की तैयारी शुरू हो गई है। विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों के खिलाड़ियों को विश्वविद्यालय स्तर पर प्रतिस्पर्धा का मंच देने के लिए खेल कैलेंडर तैयार किया जा रहा है। प्रतियोगिताओं का आयोजन एआईयू की निर्धारित खेल समय-सारणी के अनुरूप कराया जाएगा।
कुलपति प्रोफेसर रविशंकर सिंह ने बताया कि प्रतियोगिताओं के लिए विभिन्न खेलों के निर्णायकों और पर्यवेक्षकों का पैनल तैयार किया जाएगा। इसके साथ ही खिलाड़ियों के लिए आवश्यक खेल उपकरणों की सूची तैयार कर उनकी खरीद की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। प्रतियोगिताओं में विश्वविद्यालय और संबद्ध महाविद्यालयों की टीमें हिस्सा लेंगी।
प्रतियोगिताओं के बेहतर संचालन और खिलाड़ियों को आवश्यक मार्गदर्शन देने के लिए क्रीड़ा परिषद की तीन सदस्यीय सलाहकार समिति गठित करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन की इस पहल से संबद्ध महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को नियमित रूप से विश्वविद्यालय स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। इससे महाविद्यालयों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ ही प्रतिभावान खिलाड़ियों की पहचान करने और उन्हें आगे की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने में भी मदद मिलेगी।