बलरामपुर। डायट सभागार में मंगलवार को जिला खेल समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) मृदुला आनंद ने की। इसमें जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन की तैयारियों पर चर्चा की गई। विभिन्न खेल स्पर्धाओं के आयोजन की जिम्मेदारी अलग-अलग विद्यालयों के खेल शिक्षकों को सौंपी गई। हालांकि प्रतियोगिताओं की तिथि अभी घोषित नहीं की गई है।
डीआईओएस मृदुला आनंद ने कहा कि पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियां विद्यार्थियों के मानसिक और शारीरिक विकास के लिए बेहद जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में छिपी खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए सभी विद्यालयों की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने प्रत्येक विद्यालय को जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में कम से कम दो-दो खेल स्पर्धाओं में प्रतिभाग करने के निर्देश दिए।
जिला खेल सचिव मोहम्मद सुहेल ने बताया कि अगस्त माह से जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन प्रस्तावित है। हॉकी प्रतियोगिता की जिम्मेदारी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, तैराकी की बसंत लाल इंटर कॉलेज तुलसीपुर, बैडमिंटन की सरदार वल्लभभाई पटेल इंटर कॉलेज और फुटबॉल प्रतियोगिता की जिम्मेदारी भारतीय विद्यालय उतरौला को दी गई है।
उन्होंने बताया कि निशानेबाजी प्रतियोगिता एमवाई उस्मानी इंटर कॉलेज, कबड्डी भारतीय विद्यालय इंटर कॉलेज मथुरा बाजार, खो-खो लोकमान्य तिलक इंटर कॉलेज, शूटिंग स्वतंत्र भारत इंटर कॉलेज तुलसीपुर, योगासन मोहनलाल रामलाल इंटर कॉलेज और ताइक्वांडो हाजी इस्माइल इंटर कॉलेज सादुल्लाहनगर के खेल शिक्षकों की देखरेख में आयोजित होगी। इसके अलावा शतरंज, एथलेटिक्स, वुशु और क्रिकेट प्रतियोगिताएं भी कराई जाएंगी।
बैठक में वर्ष 2025 में आयोजित खेल प्रतियोगिताओं की समीक्षा भी की गई। इस दौरान खेल समिति के कोषाध्यक्ष कुमेश कुमार सरोज, प्रधानाचार्य डॉ. चंदन पांडेय, साधना पांडेय, रीता चौधरी, मुजीबुल हसन, असीम, हफीजुर्रहमान, अन्नपूर्णा देवी, रामशंकर यादव और वीके शुक्ल समेत अन्य लोग मौजूद रहे।