बलरामपुर। कर्बला के मैदान में हजरत इमाम हुसैन और उनके साथियों की शहादत की याद में मनाए जाने वाले चेहल्लुम की तैयारियां तेज हो गई हैं। अकीदतमंद अपनी मन्नतों के अनुसार ताजिया, अलम, जुल्फिकार और धार्मिक स्थलों के रौजे तैयार कराने में जुटे हैं। नगर में चार अगस्त को अलम व ताजिया का जुलूस निकाला जाएगा।
इस्लामिक मान्यता के अनुसार, हजरत इमाम हुसैन ने कर्बला के मैदान में सच्चाई, न्याय और मानवता की रक्षा के लिए अपने साथियों सहित शहादत दी थी। उनकी याद में मोहर्रम के चालीसवें दिन चेहल्लुम मनाया जाता है। तीन अगस्त की रात चेहल्लुम की नौवीं तारीख पर इमाम चबूतरों पर ताजिया रखे जाएंगे, जहां अकीदतमंद अपनी मन्नतों के अनुसार ताजिया, अलम, जुल्फिकार और रौजे पेश करेंगे।
नगर के गदुरहवा, बलुहा, सराय फाटक, पुरैनिया तालाब, रमना, कस्बा और नई बस्ती समेत कई मोहल्लों में तैयारियां जोरों पर हैं। मोहल्ला पुरैनिया तालाब निवासी अब्दुल खालिक ने बताया कि चेहल्लुम की नौवीं तारीख की रात तथा दसवीं तारीख की दोपहर में महिला अस्पताल के पास लंगर का आयोजन होगा। इसके बाद नगर में अलम का जुलूस निकाला जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल होंगे।