बलरामपुर। कक्षा छह से आठ तक के स्कूलों का संचालन 10 फरवरी से शुरु करने के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रत्येक कक्षा का संचालन कराने के लिए दिनों का निर्धारण कर दिया गया है। विद्यालय प्रबंध समिति की बैठक में कोरोना महामारी से बचाव पर फोकस किया जाएगा।
कक्षाओं के संचालन में सरकार, प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की तरफ से जारी गाइड लाइन का पूरी तरह से अनुपालन कराया जाएगा। उप शिक्षा निदेशक देवीपाटन मंडल गोंडा विनय मोहन वन ने बीएसए को राज्य परियोजना निदेशालय के स्कूल महानिदेशक विजय किरन आनंद की तरफ से जारी आदेश का पालन कराने की जिम्मेदारी सौंपी है।
बीएसए डॉ. रामचंद्र ने सोमवार को बताया कि स्कूल महानिदेशक व उप शिक्षा निदेशक के आदेश का अनुपालन शुरु करा दिया गया है। बीएसए ने जिले के सभी 10 शिक्षा क्षेत्रों के बीईओ को 10 फरवरी से कक्षा छह से आठ तक स्कूलों के संचालन के संबंध में निर्देश जारी किया है।
बेसिक शिक्षा के 395 कंपोजिट व 256 उच्च प्राथमिक स्कूलों को खोलने से पहले विद्यालय प्रबंध समिति की बैठक करके अभिभावकों को प्रशिक्षण देकर छात्र-छात्राओं से कोरोना प्रोटोकॉल का पालन कराया जाएगा। प्रत्येक दिन विद्यालय की साफ-सफाई व सैनिटाइजेशन का इंतजाम किया जाएगा।
बिना मास्क के स्कूलों में प्रवेश नहीं मिलेेगा। छात्र-छात्राओं को बार-बार साबुन से हाथ धुलवाया जाएगा। स्कूलों में स्वच्छता सामग्री जैसे टॉयलेट क्लीनर, फिनायल, साबुन, चूना, झाड़ू, नेलकटर, हैंडवॉश व सैनिटाइजर आदि का इंतजाम अनिवार्य है। एमडीएम, कक्षाओं में छात्र-छात्राओं के बैठने व अन्य गतिविधियों के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया जाएगा।
शिक्षण कार्य के दौरान दरवाजे व खिड़कियां खुली रहेंगी। कोविड-19 की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बाहरी लोगों को स्कूलों में बेवजह प्रवेश नहीं दिया जाएगा। स्कूलों के शौचालयों में रनिंग वाटर का इंतजाम रहेगा। स्कूलों के जिन कक्षाओं में विद्यार्थियों की संख्या अधिक है वहां पर दो-दो पालियों में कक्षाएं चलाई जाएंगी।
स्कूलों में समारोह, त्योहार व खेलकूद की गतिविधियां नहीं होंगी। छात्र-छात्राओं को स्कूल बुलाने में उनके अभिभावकों की सहमति लेना अनिवार्य है। बीएसए ने बच्चों के लिए चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने के लिए सीएमओ को पत्र लिखा है।
बाक्स
प्रत्येक सप्ताह स्कूलों की समय तालिका
सोमवार व गुरुवार को-कक्षा छह
मंगलवार व शुक्रवार को-कक्षा सात
बुद्घवार व शनिवार को-कक्षा आठ