बलरामपुर। देवीपाटन मंडल में मां पाटेश्वरी राजकीय विश्वविद्यालय की स्थापना को मिली सैद्धांतिक सहमति के बाद प्रशासन ने भूमि अधिग्रहण की तैयारी शुरू कर दी है। इसके निर्माण के लिए शहर के समीप स्थित कोईलरा में 209 किसानों से भूमि का अधिग्रहण किया जाना प्रस्तावित है। जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रशासनिक टीम किसानों के साथ सहमति बना कर इस माह के अंत तक जमीन प्रबंधन की प्रक्रिया को पूरा कराने की कवायद में जुटी है।
विश्वविद्यालय निर्माण के लिए शहर के आसपास स्थित खाली जमीन के तीन प्रस्ताव भेजे गए थे। इसमें कोईलरा मेें विश्वविद्यालय की स्थापना किए जाने पर शासन स्तर से सहमति मिली है। स्वीकृति के बाद जिला प्रशासन के अधिकारी अब आगे की प्रक्रिया में जुटे हैं। भूमि अधिग्रहण के लिए शासन ने करीब 16.50 करोड़ का बजट खर्च स्वीकृत किया है। डीएम अरविंद सिंह ने बताया कि गांव के लोगों से समझौते के आधार पर ही जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा। जल्द ही इसकी प्रक्रिया को पूरा कराया जाएगा। बताया कि विश्वविद्यालय निर्माण के लिए गांव में 20 हेक्टेयर से अधिक भूमि का अधिग्रहण किए जाने की तैयारी है।
कोईलरा में राजकीय विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए चिह्नित जमीन सीमावर्ती गोंडा, श्रावस्ती व बहराइच जिलों से भी लगभग एक समान दूरी पर है। इससे इस विश्वविद्यालय का सीधा फायदा बलरामपुर जिले के साथ ही मंडल के उक्त तीनों जिलों के विद्यार्थियों को मिलेगा। प्रशासन ने मंडलीय स्तर पर मिलने वाले फायदे के आधार पर ही गहन विचार विमर्श के बाद उक्त स्थान की जमीन को विश्वविद्यालय निर्माण के लिए चिह्नित किया है।