बलरामपुर। त्योहारों में तरह-तरह की मिठाइयों की पसंद ने मधुमेह के मरीजों की परेशानी बढ़ा दी है। मिठाइयों के सेवन से शुगर लेवल बढ़ गया है, ऐसे में मरीज अब चिकित्सक को दिखाने पहुंच रहे हैं। गैर संचारी रोग विभाग में सोमवार व मंगलवार को मधुमेह के 10 नए मरीज चिह्नित किए गए हैं।
जिला मेमोरियल अस्पताल में गैर संचारी रोग (एनसीडी) क्लीनिक संचालित है। यहां पर शुगर, ब्लड प्रेशर व हृदय संबंधित बीमारियों के मरीजों का इलाज किया जाता है। दीपावली के बाद सोमवार व मंगलवार को एनसीडी क्लीनिक में शुगर के मरीज ज्यादा पहुंचे हैं।
शुगर लेवल बढ़ने से जब परेशानी बढ़ी तो मरीज चिकित्सक को दिखाने पहुंचे। दो दिनों में करीब 30 से अधिक मरीज परामर्श लेने पहुंच चुके हैं। एनसीडी क्लीनिक के चिकित्साधिकारी डॉ. ऋषि श्रीवास्तव ने बताया कि त्योहार की छुट्टियों में लोग घर पर ही थे।
ऐसे में कई समय मिठाइयों का सेवन किया होगा। इस कारण कुछ मरीजों का शुगर लेवल बढ़ने का मामला आया है। इसके अलावा इन दिनों में शुगर के 10 नए मरीज भी चिह्नित किए गए हैं। अब इनका भी फाॅलोअप किया जाएगा। शुगर लेवल नियंत्रित करने के लिए मिठाई, चावल व आलू का सेवन बंद कर देना चाहिए। चीनी पीने वाले लोग चाय से भी परहेज करें।