बलरामपुर। साहब! इस ठंड में छप्पर का मकान बनाकर किसी तरह गुजारा कर रही हूं। चुनावी रंजिश के कारण पात्र होने के बावजूद ग्राम प्रधान व रोजगार सेवक आवास योजना का लाभ नहीं दिला रहे हैं। यह पीड़ा शनिवार को उतरौला तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंची परेशान महिला साफिया ने सीडीओ को बताई। सीडीओ संजीव कुमार मौर्य ने इसे गंभीरता से लेते हुए मौके पर मौजूद राजस्व कर्मियों को पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया है।
इसके साथ ही समाधान दिवस में पहुंचे ग्राम मलमलिया निवासी धनीराम ने बाढ़ राहत कोष से सहायता दिलवाने , ग्राम बैरिया सुर्जनपुर निवासी राज कुमार सिंह ने पेड़ों की अवैध कटान रोकने, उतरौला निवासी जुम्मन ने जमीन का पैमाइश करवाने तथा शिवभोले ने मार्ग पर अवैध कब्जा हटवाए जाने की फरियाद मौजूद अफसरों से की। सीडीओ ने सभी मामलों का निस्तारण राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम के माध्यम से निर्धारित समयावधि में सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।
सदर तहसील में जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता डीएम अरविंद सिंह ने की। डीएम ने फरियादियों की शिकायत सुनकर अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण समयबद्ध ढंग से किया जाए। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक केशव कुमार व एसडीएम सदर राजेंद्र बहादुर सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। इसी तरह तुलसीपुर तहसील में एसडीएम अभय सिंह ने शिकायतों की सुनवाई की।
- बलरामपुर। नये साल के पहले शनिवार को जिले के तीनो तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। सदर तहसील में आयोजित जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस में 56 प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए गए, इनमें से मात्र पांच का निस्तारण ही मौके पर कराया जा सका। इसी तरह तुलसीपुर तहसील में 22 में से चार व उतरौला तहसील में 45 में से मात्र दो मामलों का निस्तारण ही त्वरित स्तर पर हो सका।