बलरामपुर। शहर में बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार के लिए शहरी क्षेत्रों में एबीसी केबल और नए ट्रांसफार्मर लगाने का कार्य चल रहा है। इसके चलते कई मोहल्लों में चार से पांच घंटे तक बिजली कटौती हो रही है। रविवार को अवकाश के दिन भी उपभोक्ताओं को बिजली कटौती का सामना करना पड़ा।
नगर के बहराइच मार्ग पर पथिक होटल के पास बिजली के पोल लगाने और तार खींचने के लिए आपूर्ति बंद रही। मोतीसागर और तुलसीपार्क मोहल्ले में करीब तीन घंटे बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। उपभोक्ता योगेश और राजकरन ने बताया कि विद्युत विभाग की ओर से रोजाना किसी न किसी कार्य के चलते बिजली कटौती की जा रही है। इससे स्कूली बच्चों और गृहणियों को परेशानी होती है।
कलेक्ट्रेट मोड़ के पास 250 मीटर एबी केबल बिछाने के लिए पीसीसी पोल लगाए गए। इस दौरान करीब ढाई घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही। वहीं, कलेक्ट्रेट मोड़ स्थित समय माता मंदिर के पास एलटी लाइन का जंफर खुल जाने से करीब 50 घरों की बिजली आपूर्ति बाधित रही। उपभोक्ता विवेक, विनोद और मनोज ने बताया कि रविवार को अवकाश होने के कारण लोग घरों में आराम कर रहे थे, लेकिन बिजली कटौती से उन्हें परेशानी उठानी पड़ी।
तुलसीपुर और उतरौला में बारिश के कारण रविवार दोपहर पांच से छह घंटे तक बिजली कटौती हुई। उतरौला के सुभाषनगर मोहल्ला निवासी शनि, आरती, अशोक और लखराज ने बताया कि कई दिनों से 15 घंटे भी बिजली आपूर्ति नहीं मिल रही है। लोकल फाल्ट और तकनीकी खराबी के कारण अक्सर बिजली कट जाती है।
आज बाधित रहेगी बिजली
नगर के पूरबटोला उपकेंद्र से जुड़े क्षेत्रों में सात सितंबर को तीन घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। अधिशासी अभियंता पवन कुमार राय ने बताया कि पूरबटोला विद्युत उपकेंद्र की 33 केवी और 11 केवी लाइनों के आसपास पेड़ों की डालियों और टहनियों की कटाई-छंटाई का कार्य किया जाएगा।
इसके चलते पूरबटोला, खलवा, झंझरा, कस्बा, सिटी पैलेस, कालीथान चौराहा, डीएवी इंटर कॉलेज, नईबस्ती, मेजर चौराहा, चूड़ी बाजार, बड़ापुल चौराहा, ठठेरी बाजार, चौक उत्तर लाइन, भंडारखाना और मेवालाल तालाब के आसपास के क्षेत्रों में सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रहेगी।