बलरामपुर। लगातार हो रही भारी बारिश के चलते तुलसीपुर फीडर की विद्युत आपूर्ति 24 घंटे से ठप है। विद्युत आपूर्ति न होने के कारण करीब 500 गांवों की ढाई लाख आबादी अंधेरे में रहने को विवश है। क्षेत्रवासियों ने विद्युत आपूर्ति बहाल कराए जाने की मांग एक्सईएन पावर कारपोरेशन से की है।
जिले में शनिवार की रात से ही लगातार बारिश हो रही है। बारिश के साथ तेज हवाओं के चलते जगह-जगह बिजली के तार टूट गए हैं। कुछ स्थानों पर विद्युत पोल भी उखड़ गए हैं। जगह-जगह तार टूटने के कारण तुलसीपुर फीडर की विद्युत आपूर्ति बंद कर दी गई है।
तुलसीपुर फीडर से करीब 500 गांव की विद्युत आपूर्ति होती है। इस फीडर की विद्युत आपूर्ति ठप होने के कारण सभी गांव में 24 घंटे से बिजली गुल है। बिजली न आने के कारण यहां के लोगों को अंधेरे में रहने को विवश होना पड़ रहा है। लोग ढिबरी की रोशनी में जीवन यापन करने को विवश हैं।
क्षेत्रवासी फिरोज, राधेश्याम, मोहित, मनोहर लाल, विवेक, शिव कुमार व राजू आदि ने बताया कि तुलसीपुर फीडर के तार व खंभे काफी पुराने हैं। कई सालों से खंभे व तार न बदले जाने के कारण हल्की सी बारिश होने पर भी तार टूट जाते हैं। कई जगह हाईटेंशन तार लटके हुए हैं।
जर्जर विद्युत पोल व तार बदलने की मांग कई बार विभागीय उच्चाधिकारियों से की गई लेकिन किसी ने कोई ध्यान नहीं दिया। बारिश के बीच विद्युत आपूर्ति ठप होने के कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। घरों में अंधेरा होने के कारण सांप बिच्छू के काटने का खतरा भी बना हुआ है।
इन लोगों ने एक्सईएन पावर कारपोरेशन से मांग किया है कि तुलसीपुर फीडर के जर्जर विद्युत पोल व तारों को बदलवाकर शीघ्र विद्युत आपूर्ति बहाल कराई जाए। इस संबंध में जेई जेपी यादव ने बताया कि लगातार बारिश होने के कारण तारों को जोड़ने में काफी दिक्कतें आ रही हैं। बारिश बंद होने पर तारों को ठीक कराकर विद्युत आपूर्ति बहाल करा दी जाएगी।