बलरामपुर। बलरामपुर के तुलसीपुर फीडर से संबंधित करीब 200 गांवों में करीब एक माह से अघोषित बिजली कटौती से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। क्षेत्र के करीब एक लाख लोग भीषण गर्मी में बिजली कटौती से परेशान हैं। क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री व डीएम को भेजे गए शिकायती पत्र में अघोषित बिजली कटौती पर अंकुश लगाए जाने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि अघोषित बिजली कटौती बंद न हुई तो वे आंदोलन के लिए विवश होंगे।
बलरामपुर से तुलसीपुर फीडर में आने वाले बिजलीपुर, रेहार, सोनार, चकवा, भैसहवाडीह, बेलहा, बेनीजोत, रमईडीह, शेरूपुर, गांगनार, कठौवा व रामनगर सहित करीब 200 गांव में भीषण बिजली कटौती की जा रही है। ग्रामवासी पिंटू, जयराम, जमील, नरेश, राकेश, तहसीलदार, सेतु, नियाज, लियाकत आदि ने बताया कि करीब एक माह से क्षेत्र में जबरदस्त बिजली कटौती की जा रही है।
दिन में कई बार लोकल फाल्ट के नाम पर बिजली काटी जाती है तो रात में कई घंटे तक बिजली कटौती कर दी जा रही है। भीषण गर्मी में बिजली कटने से लोगों की दिक्कतें और बढ़ जाती हैं। लोग घर से बाहर सड़क पर रात काटने को विवश होते हैं। त्योहार का सीजन होने के कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्र के अधिकांश लघु उद्योग भी बिजली कटौती से प्रभावित हो रहे हैं। लाइट न होने पर विद्युत उपकरण निष्प्रयोज्य पड़े रहते हैं। मच्छरों के प्रकोप से भी ग्रामीणों को दो-चार होना पड़ता है। इन लोगों ने मुख्यमंत्री व डीएम को पत्र भेजकर बिजली कटौती की समस्या से निजात दिलाने की मांग की है। इस संबंध में एसडीओ अकील ने बताया कि गर्मी के मौसम में लोकल फाल्ट होने के कारण बिजली कटौती की जा रही है।