बलरामपुर के सीएमओ कार्यालय से जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते सदर विधायक पल्टूराम व
बलरामपुर। विश्व जनसंख्या दिवस पर मंगलवार को सीएमओ कार्यालय में कार्यशाला का आयोजन किया गया। लोगों को जनसंख्या नियंत्रण का महत्व समझाते हुए परिवार नियोजन अपनाने की सलाह दी गई।
मुख्य अतिथि सदर विधायक पल्टूराम ने वाहन जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यशाला को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जनसंख्या आज देश की सबसे बड़ी समस्या है। जनसंख्या बढ़ने से लोगों को पढ़ाई, इलाज व नौकरी समेत सभी क्षेत्रों में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हमारे देश की जनसंख्या चीन से भी ज्यादा हो गई है। इस पर लगाम लगाने की जरूरत है। सीएमओ डॉ. सुशील कुमार ने कहा कि जनसंख्या नियंत्रण के लिए स्थाई व स्थाई दोनों तरह के संसाधन प्रयोग किए जा सकते हैं। सरकारी अस्पताल में दोनों सुविधाएं मुफ्त हैं। कार्यशाला को एसीएमओ डॉ. बीपी सिंह व डॉ. संतोष कुमार श्रीवास्तव ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर एसीएमओ डॉ. जय प्रकाश, जिला कार्यक्रम प्रबंधक शिवेंद्र मणि त्रिपाठी व जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा आदि मौजूद रहे।
जनसंख्या नियंत्रण कानून की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन
जनसंख्या समाधान फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट में जनसंख्या नियंत्रण कानून लागू किए जाने की मांग को लेकर अपर एसडीएम संतोष कुमार ओझा को ज्ञापन सौंपा। संयोजक डॉ. आलोक सिंह, विष्णुदेव गुप्ता, विश्राम सिंह व अजय सैनी आदि ने ने कहा कि मांग पूरी न होने पर 22 सितंबर को कार्यकर्ता दिल्ली-गाजियाबाद बाॅर्डर पर एकत्र होंगे और 23 सितंबर को प्रधानमंत्री कार्यालय के लिए कूच करेंगे। इस दौरान राम कुमार पांडेय, विजय सिंह, लक्ष्मी नारायन पाठक व अजीत सिंह आदि मौजूद रहे।