बलरामपुर। नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण कराने के लिए मंगलवार को पुलिस लाइन में एसपी केशव कुमार ने पुलिस कर्मियों से संवाद किया। साथ ही चुनाव संबंधी जानकारी दी।एसपी ने कहा कि मतदान केंद्र की 200 मीटर की परिधि में किसी प्रकार का ध्वनि यंत्र/लाउडस्पीकर तथा किसी भी पार्टी का कैंप नहीं लगाया जाना है। इसको लेकर पुलिस कर्मी सतर्क रहें। मतदान केंद्र के अंदर किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति को प्रवेश न दिया जाए। मतदान प्रक्रिया को प्रभावित करने वाली किसी भी सूचना के बारे में थाना प्रभारी व उच्चाधिकारी को दूरभाष से तत्काल सूचित किया जाए।
एसपी ने कहा कि ड्यूटी पर तैनात सभी पुलिस कर्मी मतदाताओं से मधुर व्यवहार करें। मतदान केंद्र के अंदर किसी भी व्यक्ति को किसी भी प्रकार का मोबाइल फोन ले जाने पर रोक है। जोनल/सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने समकक्ष जोनल व सेक्टर पुलिस अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर सभी पोलिंग बूथों का निरीक्षण कर पोलिंग पार्टियों के लिए आवश्यक सभी व्यवस्था सुनिश्चित कर लें।
एएसपी नम्रिता श्रीवास्तव ने कहा कि हमारी प्राथमिकता स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराना है। इसलिए पोलिंग बूथों पर ड्यूटी पर नियुक्त समस्त अधिकारी/कर्मचारी निष्पक्षता के साथ ड्यूटी करें। बूथ पर सुरक्षा के लिए नियुक्त किए गए समस्त अर्धसैनिक/पुलिसकर्मी सर्वप्रथम अपनी ड्यूटी के संबंध में आवश्यक जानकारी प्राप्त कर लें तथा अपने पर्यवेक्षण अधिकारी का मोबाइल नंबर जरूर प्राप्त कर लें।