श्रीदत्तगंज। गलती से दूसरे बैंक खाते में भेजे गए 20 हजार रुपये साइबर हेल्पडेस्क की त्वरित कार्रवाई से पीड़ित को वापस मिल गए। वायभीठ गांव निवासी सतीश कुमार ने बताया कि 17 जुलाई को उन्होंने पेटीएम के माध्यम से गलती से 20 हजार रुपये दूसरे व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर कर दिए थे। इसके बाद उन्होंने नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही साइबर हेल्पडेस्क ने संबंधित बैंक से समन्वय स्थापित कर धनराशि को तत्काल होल्ड करा दिया। तकनीकी जांच के बाद संबंधित खाते का विवरण प्राप्त कर खाताधारक को थाने बुलाया गया। आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद 19 जुलाई को पूरी 20 हजार रुपये की राशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई।
रकम वापस मिलने पर सतीश कुमार ने श्रीदत्तगंज पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। प्रभारी निरीक्षक अविरल शुक्ला ने लोगों से अपील की कि साइबर धोखाधड़ी हाेने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना दें।