फोटो-3-बलरामपुर के पुलिस लाइन में आयोजित परेड में शामिल पुलिस कर्मी ।-स्रोत : विभाग
बलरामपुर। रिजर्व पुलिस लाइन में शुक्रवार को आयोजित साप्ताहिक परेड में पुलिसकर्मियों की शारीरिक एवं मानसिक फिटनेस पर विशेष जोर दिया गया। अनुशासन, एकरूपता और कार्यकुशलता बनाए रखने के उद्देश्य से टोलीवार ड्रिल कराई गई तथा जवानों से दौड़ भी लगवाई गई। अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडेय ने परेड का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एएसपी ने यूपी-112 वाहनों में दंगा नियंत्रण उपकरण, फर्स्ट एड बॉक्स और अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता की जांच की। उन्होंने यूपी-112 पर तैनात पुलिसकर्मियों को आपात स्थितियों में रिस्पांस टाइम और अधिक प्रभावी बनाने तथा सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने पुलिस लाइन परिसर, स्टोर रूम, क्वार्टर गार्ड, जीडी कार्यालय, कैंटीन, परिवहन शाखा, आदर्श आरक्षी बैरक, आवासीय परिसर और पुलिस भोजनालय का निरीक्षण किया। भोजनालय में भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई का जायजा लेने के साथ उन्होंने आरक्षी बैरकों एवं आवासीय परिसर के आसपास नियमित स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। इस दौरान क्षेत्राधिकारी ललिया डीके श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी यातायात वीरसेन सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।