बलरामपुर। श्रावस्ती जाने वाले मार्ग पर राप्ती नदी के मथुरा घाट पर बने लकड़ी के जर्जर पुल को शनिवार को पुलिस ने तुड़वा दिया। ऐसे में अब लोगों को 25 किलोमीटर का चक्कर काटकर कोड़री घाट के रास्ते श्रावस्ती आना-जाना पड़ेगा।
मथुरा घाट पर बने इस पुल से प्रतिदिन सैकड़ों लोगों का बलरामपुर व श्रावस्ती आवागमन होता था। राजगढ़ गुलरिया के प्रधान कुल्लू निषाद, डिंगूरा जोत के प्रधान प्रतिनिधि राजकुमार यादव, लक्ष्मणपुर खैराहनीया के प्रधान प्रतिनिधि अनूप द्विवेदी व जोगिया कला के प्रधान प्रतिनिधि राम सुमिरत यादव ने बताया कि पुल जर्जर होने के चलते तुड़वा तो दिया गया मगर इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई। इससे दोनों जिलों के लोगों को आवागमन में परेशानी होगी।
ललिया इंस्पेक्टर जय हरि मिश्र का कहना है कि मथुरा घाट का लकड़ी का पुल काफी कमजोर हो गया था। हादसे की आशंका के चलते अधिकारियों के आदेश पर लकड़ी के पुल को हटवा दिया गया है। इस पुल पर लोग अवैध वसूली भी करते थे। जिनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।