बलरामपुर। युवक के दो अपहरणकर्ताओं को पुलिस ने धर दबोचा है। पुलिस अधीक्षक कार्याल में गुरुवार को एसपी हेमंत कुटियाल ने मामले का खुलासा किया है। अपहरणकर्ताओं को दबोचने वाली पुलिस टीम को एसपी ने 15 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया है।
एसपी ने मामले का खुलासा करते हुए कहा कि अपर पुलिस अधीक्षक अरविंद मिश्र व सीओ सिटी वरुण मिश्र के नेतृत्व में नगर कोतवाली की पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर युवक का अपहरण करने वाले दो अपहरणकर्ताओं को धर दबोचा है। प्रभारी निरीक्षक नगर कोतवाली मानवेंद्र पाठक ने 15 मई को अगवा युवक की मां विद्या यादव की तहरीर पर गुमशुदगी दर्ज की थी।
विद्या यादव ने तहरीर में कहा था कि 14 मई को रेलवे स्टेशन भगवतीगंज से उनका 28 वर्षीय बेटा राम मूरत गायब हो गया था। गुमशुदा की बरामदगी के लिए मोबाइल लोकेशन व अन्य पूछताछ के आधार पर एसपी की तरफ से गठित टीम प्रदेश के विभिन्न भागों में भेजी गई।
दबाव पड़ने पर अगवा युवक को छोड़ने के एवज में उसके भाई से 25 लाख रुपयों की फिरौती मांगी गई। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस अगवा युवक को सकुशल बरामद करने के प्रयास में जुट गई। जांच के दौरान अभियुक्तों की लोकेशन गोंडा के पास प्राप्त हुई।
अगवा युवक के पिता को साथ लेकर पुलिस टीम वन विभाग गोंडा डिपो रोड के पास पहुंची और वहां अगवा युवक राम मूरत को सकुशल बरामद कर लिया। अभियुक्त वरुण यादव को भी धर दबोचा गया। अगवा युवक न बताया कि उसका अपहरण फिरौती के लिए वरुण यादव व उसके दो अन्य साथियों व युवक के मित्र राम मूरत चौहान ने साजिश रची थी।
पूछताछ में अभियुक्तों ने 25 लाख फिरौती के लिए युवक के अपहरण का अपराध स्वीकार कर लिया। गिरफ्तार किए गए राम मूरत चौहान उर्फ छोटू निवासी ग्राम प्रेमनगर उतरौला कोतवाली और वरुण यादव निवासी जनपद एटा थाना जैथरा ग्राम सदियापुर को न्यायालय रवाना कर दिया गया है।
गिरफ्तार करने वाली टीम कोतवाली नगर के एसआई सत्य प्रकाश यादव, दिनेश कुमार सिंह, किसलय मिश्र, कांस्टेबिल मिथिलेश मौर्या व भारत सिंह को 15 हजार रुपये का इनाम दिया गया है।