फोटो-26-बलरामपुर के तुलसीपुर में थाने में शिकायत सुनते डीएम व एसपी ।-संवाद
तुलसीपुर। थाना समाधान दिवस में शनिवार को थारू समाज की जमीन का मुद्दा छाया रहा। बेताहनिया गांव के थारू समाज के भगन, अग्नि, सुरेश और अनिल कुमार ने जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन व पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के सामने पहुंचकर सिंचाई विभाग पर जमीन अधिग्रहण का आरोप लगाया। ग्रामीणों ने कहा कि उनकी जमीन अधिग्रहित कर ली गई है और अब उसे वापस नहीं किया जा रहा है।
थारू समाज के लोगों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने मामले की गहन जांच कराने और संबंधित विभागीय अधिकारियों को रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। समाधान दिवस में अन्य शिकायतें भी पहुंचीं। नई बाजार निवासी राजू मोदनवाल ने मोहल्ले में कचरा फेंके जाने की शिकायत की, जिस पर नगर पालिका को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं वीरपुर पचपेड़वा की शरीफुल निशा ने 70 हजार रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई। जिलाधिकारी ने मामले की जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। हरैया सतघरवा थाने में आयोजित समाधान दिवस में भी जमीन बंटवारे और कब्जे से जुड़े मामले छाए रहे। बिनुहनी खुर्द निवासी राम बहादुर, संगीतपुर मुरहा निवासी रामगोपाल और भितवरिया कला निवासी कामता प्रसाद ने पैतृक संपत्ति, बंटवारे और खेत जोतने को लेकर शिकायतें दर्ज कराईं। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह ने बताया कि सभी मामलों की जांच के लिए टीम गठित कर मौके पर भेजी गई है। इसी तरह जिले के सभी 16 कोतवाली व थानों में समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान करीब 115 मामलों आए जिसमें से 85 मामलों का मौके पर ही निस्तारण करा दिया गया।