बलरामपुर। समाज को स्वस्थ बनाने में चिकित्सकों का बहुत बड़ा योगदान है। कोरोना संकट काल में जिस तरह चिकित्सकों ने अपनी जिम्मेदारी निभाई वह अनुकरणीय है। अब कोरोना वैक्सीन को लेकर समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करने में चिकित्सक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
यह बातें ग्रेजुएट मेडिकल प्रेक्टिशनर एसोसिएशन (जीएमपीए) के पदग्रहण समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सीएमओ डॉ. विजय बहादुर सिंह ने कहीं। सीएमओ ने संस्था के अध्यक्ष डॉ. राकेश चंद्र श्रीवास्तव, सचिव डॉ. कुलदीप विश्वकर्मा एवं कोषाध्यक्ष डॉ. अफजाल खान को माला पहनाकर पदभार ग्रहण कराया।
अग्निशमन अधिकारी राममंगल सिंह ने चिकित्सकों को अग्नि सुरक्षा मापदंडों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए वरिष्ठ सर्जन डॉ. प्रमोद कुमार श्रीवास्तव ने संस्था के 35 वर्ष के गौरवशाली इतिहास की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन करते हुए पूर्व अध्यक्ष डॉ. देवेश चंद्र श्रीवास्तव ने आए हुए अतिथियों का स्वागत करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
मौके पर वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अब्दुल मन्नान, डॉ. अब्दुल कय्यूम, डॉ. वाईपी गुप्ता, डॉ. अशोक कुमार सिंह, डॉ. जुबेर अहमद, डॉ. प्रदीप कुमार, डॉ. अब्दुल सुबहान, डॉ. एफएम सिद्दीकी, डॉ. मुकेश श्रीवास्तव, डॉ. ज्ञान प्रकाश, डॉ. आसिफ हुसैन व डॉ. शंकर सिंह आदि मौजूद रहे।