बलरामपुर के जंगीपुरवा में पौधरोपण करते तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ल व अन्य।
- फोटो : BALRAMPUR
बलरामपुर। सदर विकास खंड के ग्राम पंचायत गैंजहवा के जंगीपुरवा में सोमवार को पर्यावरण संरक्षण पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में लोगों को प्लास्टिक उन्मूलन एवं पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ बेटियों के जन्मदिन पर पौधरोपण करने का संकल्प लिया गया।
संगोष्ठी के मुख्य अतिथि तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ला एवं विशिष्ट अतिथि विद्या भारती जिला प्रमुख श्यामसुंदर रहे। संगोष्ठी को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ने कहा कि बेटियों के जन्मदिन यादगार करने के लिए पौधरोपण करने का जो निर्णय लिया गया है वह काफी सराहनीय है।
पर्यावरण को जिस तरह से प्रदूषित किया जा रहा है वह आने वाले दिनों में काफी खतरनाक हो सकता है। पर्यावरण को संतुलित करने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने होंगे। कार्यक्रम के आयोजक सामाजिक संस्था शीतल प्रथम आहार सोसाइटी की सचिव डॉ. प्रतिभा सिंह ने कहा कि गांव में जन्म लेने वाली सभी बेटियों के जन्मदिन पर एक पौधा लगाया जाएगा।
ग्रामीणों को प्लास्टिक से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक किया जाएगा। इस दौरान ग्रामीण बच्चों के बीच कुर्सी दौड़, योगासन, खो-खो आदि प्रतियोगिताएं भी कराई गईं। विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।