बलरामपुर। कोविड-19 को लेकर सीएमओ कार्यालय सभागार में शुक्रवार निजी चिकित्सकों की एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में कोविड-19 वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए निजी चिकित्सकों को टिप्स देते हुए सजग रहने का सुझाव दिया गया। निजी चिकित्सा संस्थानों में सावधानी बरतने तथा मरीजों से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने की नसीहत भी दी गई।
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. घनश्याम सिंह ने कहा कि कोरोना वैश्विक महामारी का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। धीरे-धीरे कोरोना वायरस का संक्रमण कम्युनिटी को भी प्रभावित करने लगा है। निजी चिकित्सकों की लापरवाही इसे और भी भयावह स्थित में पहुंचा सकती है। कोविड-19 को लेकर निजी चिकित्सक स्वयं सजग रहते हुए लोगों को भी जागरूक करें।
निजी चिकित्सा संस्थानों का संचालन करते समय कोविड-19 के प्रोटोकॉल का सही ढंग से पालन किया जाए। निजी अस्पतालों में सुरक्षा के उपाय करके ही मरीजों को प्रवेश दिया जाए। मरीजों को मास्क पहनकर आने और बार-बार हाथों को सैनिटाइज करवाया जाए। अस्पतालों को भी नियमित रूप से सैनिटाइज किया जाए। सर्दी-खांसी व बुखार के मरीजों का विवरण सीएमओ कार्यालय को अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराया जाए।
बैठक का संचालन जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अरविंद कुमार मिश्रा ने किया। बैठक में डॉ. एके सिंघल, डॉ. वीपी सिंह, डॉ. तारिक अफजल सिद्दीकी, डॉ. फैसल फैजी, डॉ. अब्दुल कय्यूम, डॉ. अशोक सिंह, डॉ. एके भट्ट, डॉ. कुलदीप विश्वकर्मा, डॉ. विकास अग्रवाल, डॉ. प्रांजल त्रिपाठी, डॉ. प्रमोद श्रीवास्तव, डॉ. सौरभ सिंह, डॉ. एनके पांडेय व डॉ. केके राणा आदि मौजूद रहे।