उतरौला (बलरामपुर)। स्थानीय नगर के सुभाषनगर मोहल्ले में शनिवार को मछली मारने को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों के बीच पथराव हुआ। घटना में एक युवती घायल हो गई। मौके पर तनाव होने के कारण फोर्स तैनात कर दी गई है। कोतवाल उतरौला वकील पांडेय ने बताया कि आर्यन (14) नगर में स्थित तालाब में मछली मारने गया था।
विपक्षी फारुख (19) ने उसको पागल कह दिया। इसी बात से नाराज आर्यन ने फारुख को थप्पड़ जड़ दिया। बाद में फारुख के समर्थक मौके पर पहुंचे गए। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के दौरान ईंट पत्थर चलने लगे। घटना में आर्यन की बहन घायल हो गई। उसको इलाज के लिए सीएचसी उतरौला में भर्ती कराया गया है। एसपी देवरंजन वर्मा ने बताया कि तनाव को देखते हुए मौके पर फोर्स तैनात कर दी गई है। मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।