बलरामपुर महोत्सव में प्रस्तुति देते कमेडियन सुनील पाल। स्रोत आयोजक
बलरामपुर। बड़ा परेड ग्राउंड में आयोजित बलरामपुर महोत्सव के अंतिम दिन सांस्कृतिक संध्या में भोजपुरी गायिका कल्पना पटवारी के गीतों पर लोग झूमते नजर आए। वहीं, कॉमेडियन सुनील पाल की कॉमेडी ने सबको लोटपोट कर किया। कार्यक्रम में सितारों की आवाज और मंचीय प्रस्तुति ने देर रात तक दर्शकों को बांधे रखा।
सुबह के सत्र में जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रस्तुतियां दीं। पायनियर पब्लिक स्कूल, सीएमएस, ईशावस्यम स्कूल तुलसीपुर और स्कॉलर्स एकेडमी के बच्चों ने समूह नृत्य से तालियां बटोरीं। एचआरए इंटर कॉलेज उतरौला के छात्रों ने सामाजिक संदेश से भरपूर नाटक प्रस्तुत किया, जबकि बालिका इंटर कॉलेज और सुंदरदास रामलाल इंटर कॉलेज के छात्रों ने नृत्य नाटिका के जरिये भारतीय संस्कृति के विविध रंग पेश किए। थारू जनजाति के कलाकारों का लोक नृत्य विशेष आकर्षण रहा। जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को मंच देने के साथ उनकी प्रतिभा को निखारने का अवसर प्रदान करते हैं।
पोस्टर पेंटिंग में उभरीं नई प्रतिभाएं
महोत्सव में आयोजित पोस्टर पेंटिंग प्रतियोगिता में बच्चों की रचनात्मकता खुलकर सामने आई। प्रतिभागियों ने सामाजिक विषयों, पर्यावरण संरक्षण और सांस्कृतिक विरासत पर आकर्षक और संदेशपरक चित्र बनाए। जूनियर वर्ग में आकांक्षा पटेल ने प्रथम, राशिका कसौधन ने द्वितीय और रोहित साहू ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं सीनियर वर्ग में कृति शुक्ला ने पहला, अंशिका सिंह ने दूसरा और प्रतीक्षा श्रीवास्तव ने तीसरा स्थान हासिल किया।
पपेट शो से शुरू हुई सांस्कृतिक संध्या
सांस्कृतिक संध्या सत्र बेहद आकर्षक रहा। शाम चार बजे पपेट शो से शुरू हुए कार्यक्रमों ने धीरे-धीरे पूरे माहौल को उत्सव में बदल दिया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग जुट गए। इसके बाद राधा-कृष्ण झांकी ने दर्शकों को भक्तिमय कर दिया। भोजपुरी गायिका कल्पना पटवारी की प्रस्तुति ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। उनके लोकप्रिय गीतों पर युवा थिरकते नजर आए। इसके बाद मंच पर आए कॉमेडियन सुनील पाल ने अपनी जबरदस्त कॉमिक टाइमिंग और व्यंग्य शैली से दर्शकों को हंसी से लोटपोट कर दिया। इंडियन आइडल नाइट ने माहौल को पूरी तरह संगीतमय बना दिया, जहां प्रतिभागियों की आवाज और मंचीय प्रस्तुति ने देर रात तक दर्शकों को बांधे रखा।