तुलसीपुर। लंबे समय से जर्जर ग्रामीण सड़कों की मरम्मत को मंजूरी मिल ही गई है। 15 संपर्क सड़कों की मरम्मत पर 2.50 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे 50 गांवों के करीब 80 हजार ग्रामीणों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी।
क्षेत्र के सिकटिहवा मोड़–लालपुर मटेरिया मार्ग पर 24.50 लाख रुपये, सेमरी संपर्क मार्ग पर 8.50 लाख, सिकंदर बोझी संपर्क मार्ग पर 24.40 लाख और रेहारपुरवा संपर्क मार्ग पर 13.20 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। हरिहरगंज–ललिया–बनकटवा मार्ग से फुलवरिया संपर्क मार्ग तथा लौकी कलां संपर्क मार्ग पर 24.40-24.40 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं।
इमलिया सुकालीजोत मार्ग पर 4.28 लाख, सुग्गानगर–शीतलापुर पर 12.20 लाख, तुलसीपुर–हरैया–चौधरीडीह मार्ग से बच्चूपुरवा तक 13.20 लाख और चौधरीडीह–मथुरा मार्ग से भयापुरवा तक 24.40 लाख रुपये खर्च होंगे। फुलवरिया–बलीपुरवा मार्ग पर 7.30 लाख, हरिहरगंज–ललिया–बनकटवा से उदईपुर मनोहरपुर संपर्क मार्ग पर 24.40 लाख, परसिया गोसाई मार्ग पर 0.80 लाख, करमैती संपर्क मार्ग पर 25.40 लाख और अकबरपुर चेनिया कोर्ट मार्ग पर 13.45 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
आए दिन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे ग्रामीण
ग्रामीण रामप्रकाश यादव, महेंद्र, विजय व महेश आदि ने बताया कि बरसात में सड़कों पर गड्ढे और कीचड़ के कारण आवागमन ठप हो जाता था। जर्जर सड़कों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। शांति देवी ने कहा कि बच्चों को स्कूल जाने में भारी दिक्कत होती थी। किसान मुन्नालाल वर्मा ने कहा कि सड़कें ठीक होने से फसल बाजार तक ले जाना आसान होगा।
सड़कों की मरम्मत को स्वीकृति मिल चुकी है। शीघ्र ही कार्य शुरू कराया जाएगा। गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से मरम्मत कार्य पूरा कराया जाएगा।
- कुमार शैलेंद्र, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग