बलरामपुर। जिले के सरकारी अस्पतालों में मरीजों को इलाज की बेहतर सुविधाएं मिलने का दावा हवाई साबित हो रहा है। कभी चिकित्सकों के अवकाश पर रहने तो कभी उपकरणों में खराबी के कारण मरीजों को समुचित इलाज नहीं मिल पा रहा है। मरीजों को इलाज व जांच के लिए भटकना पड़ता है। वहीं, अस्पताल प्रशासन अवकाश व उपकरण खराब होने की सूचना चस्पा करके अपने कर्तव्यों की इतिश्री कर लेता है।
जिला मेमोरियल अस्पताल में 10 दिसंबर से डिजिटल एक्सरे मशीन खराब है। ठंड के मौसम में हड्डी रोग विशेषज्ञ ज्यादामर मरीजों को एक्सरे की जांच लिखते हैं। अस्पताल में डिजिटल एक्सरे मशीन खराब होने से मरीजों को जांच के लिए भटकना पड़ रहा है। वहीं, अस्पताल की तरफ से एक्सरे मशीन खराब होने की सूचना चस्पा कर दी गई है। अस्पताल में मौजूद रमेश वर्मा, सरोज व राहुल ने बताया कि हड्डी रोग विशेषज्ञ ने डिजिटल एक्सरे कराने को कहा है। अस्पताल में मशीन खराब है, अब बाहर से जांच करानी पड़ेगी। अस्पताल के सीएमएस डॉ. शारदा रंजन ने बताया कि एक्सरे मशीन को ठीक कराने के लिए संबंधित कंपनी को पत्र भेजा गया है।
जिला महिला अस्पताल में करीब 10 दिनों से रेडियोलाजिस्ट डॉ. राजकुमार अवकाश पर हैं। अल्ट्रासाउंड कक्ष के बाहर उनके अवकाश पर होने की सूचना चस्पा की गई है। महिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड न होने से यहां आने वाली गर्भवती को जांच के लिए निजी केंद्रों पर पैसे खर्च करने पड़ते हैं। नगर के मोहल्ला सिविल लाइन निवासिनी रानी, कमला व संतोष आदि ने कहा कि रेडियोलाॅजिस्ट अवकाश पर हैं तो कोई वैकल्पिक व्यवस्था करनी चाहिए। अस्पताल की सीएमएस डॉ. सुमन दत्त ने बताया कि रेडियोलाॅजिस्ट अवकाश पर हैं, इसलिए जांच बंद है। पीएमएसएमए दिवस पर गर्भवती को मुफ्त अल्ट्रासाउंड जांच के लिए क्यूआर कोड दिया जाता है।