फोटो-20- जिला मेमोरियल अस्पताल में मरीज की जांच करते चिकित्सक। संवाद
बलरामपुर। विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से विभिन्न स्थानों पर शिविर लगाए गए। शिविरों में लोगों के शुगर लेवल की जांच की गई और उन्हें मधुमेह से बचाव के उपाय बताए गए। शुगर के मरीजों को खानपान में सावधानी बरतने और नियमित योगाभ्यास व व्यायाम करने के लिए प्रेरित किया गया।
जिला मेमोरियल अस्पताल में एनसीडी चिकित्साधिकारी डॉ. ऋषि श्रीवास्तव ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। एलटी अमित कुमार ने शिविर में आए लोगों के शुगर की जांच की। चिकित्साधिकारी ने कहा कि मधुमेह के बेहतर प्रबंधन के लिए संतुलित आहार अपनाना जरूरी है। इससे रक्त शर्करा का स्तर नियंत्रित रखने में मदद मिलती है। लोगों को मधुमेह से बचाव के लिए चीनी, कार्बोहाइड्रेट और वसा का सेवन सीमित मात्रा में करना चाहिए। नियमित व्यायाम से भी रक्त शर्करा का स्तर नियंत्रित रखने में मदद मिलती है। शिविर में 65 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
वहीं, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पचपेडवा में आयोजित शिविर में लोगों को मधुमेह के बढ़ते खतरे के प्रति जागरूक किया गया। 30 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर मधुमेह से पीड़ित मरीजों को चिह्नित किया गया। एनसीडी चिकित्साधिकारी डॉ. प्रसून गुप्त ने बताया कि अनियमित खानपान, तनाव और बदलती जीवनशैली के कारण कम उम्र में भी लोग मधुमेह की चपेट में आ रहे हैं।