बलरामपुर। शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर में चैत्र व शारदीय नवरात्र में देश-विदेश से लाखों की संख्या में श्रद्धालु मां पाटेश्वरी की पूजा-अर्चना के लिए आते हैं। यात्रियों के सुगम आवागमन के लिए तुलसीपुर रेलवे स्टेशन पर सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं। अमृत स्टेशन योजना से 11.69 करोड़ से सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है। अब तक स्टेशन के सौंदर्यीकरण का 35 फीसदी काम पूरा करा दिया गया है।
तुलसीपुर रेलवे स्टेशन पर देश-विदेश से प्रतिदिन 2500 से अधिक यात्रियों का नियमित आवागमन होता है। यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मुहैया कराने के लिए स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया एवं भवन के निर्माण का 35 फीसदी कार्य पूरा हो चुका है। प्रतिदिन तुलसीपुर स्टेशन से होकर 22 यात्री ट्रेनों का संचालन हो रहा है। अब स्टेशन में स्थानीय संस्कृति की छवि देखने को मिलेगी। स्टेशन परिसर में उन्नत पार्किंग, एप्रोच रोड, वेटिंग हॉल व प्रसाधन केंद्रों सहित सभी आवश्यक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
समय से कार्य पूरा कराने का निर्देश
-तुलसीपुर रेलवे स्टेशन का सौंदर्यीकरण कराने की जिम्मेदारी अरुण कुमार मेहता बिट्टू व रंजन गुप्त को सौंपी गई है। समय से काम पूरा कराने का निर्देश दिया गया है, जिससे शारदीय नवरात्र में आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं को लाभ मिलेगा।
-पंकज कुमार सिंह, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पूर्वोत्तर रेलवे