बलरामपुर में अधिवक्ता चेंबर के सामने वाहन पार्किंग के लिए खाली पड़ी जमीन स्रोत संवाद
बलरामपुर। दीवानी न्यायालय व कलेक्ट्रेट के बीच जाने वाली सड़क पर लोगों को अब जाम से निजात मिलेगी। वाहनों के लिए अधिवक्ता चैंबर के सामने पार्किंग स्थल बनाया जाएगा। अभियोजन कार्यालय में वीडियो क्राॅन्फ्रेंसिंग कक्ष व विकास भवन में कैंटीन का निर्माण होगा। केंद्रीय विद्यालय में साइकिल स्टैंड के लिए इंटरलॉकिंग कराने की तैयारी है। क्रिटिकल गैप योजना से चार कार्यों पर 32 लाख 48 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे।
नवीन दीवानी न्यायालय परिसर में वकीलों के लिए वाहनों की पार्किंग व्यवस्था न होने से दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके लिए वकीलों ने कई बार आंदोलन भी किया। वकीलों का संघर्ष अब रंग लाया। अधिवक्ता चैंबर के सामने 15.15 लाख रुपये से पार्किंग स्थल का निर्माण कराने की तैयारी है। वकीलों के वाहनों को खड़ा करने के लिए पार्किंग स्थल का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए बजट भी मिल गया है।
विकास भवन परिसर में अधिकारियों, कर्मचारियों व आगंतुकों की सुविधा के लिए छह लाख 98 हजार रुपये से कैंटीन का निर्माण कराया जाएगा। कैंटीन निर्माण होने से लोगों को चाय-नाश्ते व भोजन आदि के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। कैंटीन के निर्माण के लिए बजट आ गया है। कैंटीन के संचालन से पांच से 10 लोगों को रोजगार मिलेगा। अभियोजन कार्यालय में आधुनिक सुविधाओं से लैस वीडियो क्राॅन्फ्रेंसिंग कक्ष के निर्माण पर तीन लाख 49 हजार रुपये खर्च किए जाने की योजना है। शहर से करीब तीन किलोमीटर दूर स्थित केंद्रीय विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए साइकिल स्टैंड का निर्माण कराने की तैयारी की जा रही है। साइकिल स्टैंड निर्माण के लिए इंटरलॉकिंग के साथ अन्य कार्यों पर छह लाख 86 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। साइकिल स्टैंड का निर्माण होने से विद्यार्थियों की साइकिलें सुरक्षित रहेंगी। इन कार्यों से कर्मचारियों, वकीलों, विद्यार्थियों व आमजन को सुविधा मिलेगी। (संवाद)
मिला बजट, जल्द शुरू होंगे कार्य
चैंबर के सामने पार्किंग स्थल, अभियोजन कार्यालय में वीडियो क्राॅन्फ्रेंसिंग कक्ष, विकास भवन परिसर में कैंटीन व केंद्रीय विद्यालय में साइकिल स्टैंड निर्माण के लिए बजट मिल गया है। जल्द ही चारों कार्य मानक व गुणवत्ता के साथ ही तय समय में पूरे कराए जाएंगे।
-कमल किशोर, अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग