-बलरामपुर के उतरौला में ट्राली पर पेट्रोल व डीजल भरवाने पहुंचे लोग।-स्रोत : वायरल वीडियो
उतरौला। ईरान, इस्राइल और अमेरिका के बीच युद्ध तथा तेल संकट की सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों के कारण क्षेत्र में पेट्रोल और डीजल का भंडारण शुरू हो गया है। इससे पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ देखी जा रही है, जहां लोग गैलन में तेल भरवा रहे हैं।
किसानों की आड़ में व्यापारी भी पेट्रोल और डीजल को गैलन में भरवाकर स्टोर कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर तेल संकट उत्पन्न होने की खबरें प्रसारित की जा रही हैं, जिससे लोगों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। किसान राजमणि ने बताया कि गन्ने की सिंचाई के लिए उन्हें तेल की जरूरत पड़ेगी, इसलिए वे 50 लीटर डीजल ले जा रहे हैं। एक अन्य किसान उल्फत ने भी खबर के चलते खेती-किसानी के लिए तेल खरीदने की बात कही। अधिवक्ता आलोक गुप्त ने सोशल मीडिया पर तेल संकट को लेकर दिखाई जा रही खबरों पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। पेट्रोल पंपों पर बोतल या गैलन में पेट्रोल-डीजल देना नियमों के खिलाफ है।
अनावश्यक न करें तेल का भंडारण : तहसीलदार
तहसीलदार वीरेंद्र प्रताप ने बताया कि यह प्रकरण उनके संज्ञान में आया है। इस संबंध में तत्काल कार्रवाई कराई जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पेट्रोल पंपों को गैलन में तेल देने की अनुमति नहीं है। अवैध रूप से तेल का भंडारण करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे। लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से तेल का भंडारण न करें।