बलरामपुर। पंचायत सफाई कर्मचारियों के लिए ग्राम स्वच्छता सेवा एप के माध्यम से ऑनलाइन हाजिरी का विरोध तेज हो गया है। उत्तर प्रदेश ग्राम पंचायत सफाईकर्मी संयुक्त मोर्चा ने बुधवार को डीएम को ज्ञापन सौंपकर इस व्यवस्था को तत्काल स्थगित किए जाने की मांग की है। संगठन के जिला संयोजक प्रदीप कुमार गौतम एवं राकेश चौधरी ने बताया कि एक जनवरी 2026 को मौखिक आदेश जारी होने के बाद ऑनलाइन हाजिरी लागू करने की तैयारी की जा रही है।
जिले के अधिकांश गांव नेपाल सीमा से सटे हैं, जहां नेटवर्क की गंभीर समस्या रहती है। ऐसे में कर्मचारियों के लिए समय पर ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराना संभव नहीं होगा। उन्होंने कहा कि शासनादेश के अनुसार ही पंचायत सफाई कर्मचारियों से कार्य लिया जाना चाहिए। जिले में लगभग 120 सफाई कर्मचारी अन्य विभागों में अटैच हैं, जिससे ग्राम पंचायतों में सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
कहा कि कि निजी मोबाइल में थर्ड पार्टी ऐप की पहुंच से कर्मचारियों की निजता और डेटा सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है। अधिकांश कर्मचारी कम शिक्षित होने के कारण डिजिटल प्रक्रिया में भी कठिनाई झेलेंगे। उन्होंने मांग किया कि जब तक समुचित संसाधन, नेटवर्क और तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो जातीं, तब तक ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली स्थगित रखी जाए।