बलरामपुर के उतरौला में 88 वर्षीय फात्मा को मतदान कराने ले जाते परिजन।
बलरामपुर। जिले में पंचायतों के रिक्त पदों के लिए बृहस्पतिवार को कड़ी सुरक्षा के बीच उपचुनाव के लिए 55.88 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान किया। अधिकारियों ने केंद्रों का भ्रमण कर जायजा लिया। चार मार्च को मतगणना कराई जाएगी।
सदर विकासखंड के ग्राम पंचायत महादेव मिश्र में प्रधान पद के लिए छह, रेहरा बाजार ब्लॉक के विशंभरपुर में पांच, पचपेड़वा के सकरी कुइयां व गैसड़ी के चौकिया में चार-चार और तुलसीपुर के सुदर्शन जोत व उतरौला के चीती में दो-दो प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। सुबह आठ बजे से लेकर शाम पांच बजे तक हुए मतदान के दौरान कहीं से कोई विवाद की सूचना नहीं मिली।
मतदान के लिए सुबह व शाम को लोग बूथ पर पहुंचे। दोपहर में सन्नाटा रहा। बुजुर्ग व दिव्यांगों में भी मतदान को लेकर खासा उत्साह रहा। सभी बूथों पर अधिकारियों की तैनाती की गई थी। 88 वर्षीय फातिमा का कहना था कि यही तो एक अधिकार है, जिसका उपयोग कर खुशी मिलती है। सुदर्शन जोत में मतदान करने के बाद चंद्रावती ने कहा कि हमने इस उम्मीद से मतदान किया है कि गांव का विकास होगा।
एडीएम प्रदीप कुमार, एएसपी नम्रिता श्रीवास्तव व एसडीएम उतरौला संतोष कुमार ने मतदान केंद्रों का भ्रमण कर जायजा लिया। साथ ही सुरक्षा प्रबंधों को लेकर अधिकारियों से जानकारी हासिल की।