बलरामपुर। डीएम पवन अग्रवाल ने बुधवार को सीएचसी शिवपुरा व ब्लॉक का निरीक्षण किया। कमियां मिलने पर कड़ी नाराजगी जताई, और सुधार करने का निर्देश दिया।
हरैया सतघरवा ब्लॉक मुख्यालय शिवपुरा में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में निरीक्षण के दौरान आर्थो चिकित्सक अनुपस्थित पाए गए। इंजेक्शन कक्ष बंद पाया गया, जिस पर डीएम ने चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रणव पांडेय को कड़ी फटकार लगाई। लेबर रूम में खाली बेड पाए जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने चिकित्सा अधीक्षक को सुधार लाते हुए व्यवस्थाएं बेहतर किए जाने के निर्देश दिया। इस दौरान उन्होंने मरीजों से भी वार्ता की।
वाटर कूलर में शीतल पेयजल की उपलब्धता का जायजा लिया। उन्होंने वैक्सीन व अन्य लॉजिस्टिक कक्ष का भी निरीक्षण किया। नियमित टीकाकरण के संबंध में निर्देश दिए। इसके बाद डीएम ने खंड विकास अधिकारी कार्यालय व ब्लॉक के सभी पटलों को निरीक्षण किया। परिसर के सार्वजनिक शौचालय बंद पाए जाने पर डीएम ने नाराजगी जताई और एडीओ पंचायत के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया। ग्राम पंचायत सिंहपुर में अमृत सरोवर व आरआरसी सेंटर का निरीक्षण किया। अमृत सरोवर पर योजना से संबंधित बोर्ड न लगा पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई और बोर्ड लगाने तथा बंद पड़े आरसीसी सेंटर को चालू कराने का निर्देश दिया।