बलरामपुर। भारतीय जनता पार्टी की तरफ से सदर ब्लॉक के स्वर्ण जयंती सभागार में बृहस्पतिवार को क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन किया गया। जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र पंचायत सदस्यों को योगी-मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया।
प्रशिक्षण वर्ग को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री व सदर विधायक पल्टूराम ने कहा कि योगी-मोदी सरकार में हर वर्ग को पात्रता के आधार पर जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। तुलसीपुर विधायक कैलाशनाथ शुक्ल ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार ने गरीबों को मुफ्त राशन देने की योजना को बढ़ा दिया है। सरकार की तरफ से वृद्धा, विधवा व दिव्यांग पेंशन का लाभ लाभार्थियों को समय से मिल रहा है।
प्रशिक्षण वर्ग में श्रीदत्तगंज, बलरामपुर एवं हरैया सतघरवा ब्लॉक के क्षेत्र पंचायत सदस्य शामिल हुए। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने बताया कि 17 नवंबर को उतरौला, गैड़ासबुजुर्ग एवं रेहरा बाजार के क्षेत्र पंचायत सदस्यों का प्रशिक्षण वर्ग श्रीरामतीरथ इंटर कॉलेज इमिलिया बनघुसरा में आयोजित होगा। वहीं 19 नवंबर को पचपेड़वा के मंशा मैरिज हाल में गैसड़ी, तुलसीपुर व पचपेड़वा के क्षेत्र पंचायत सदस्यों का प्रशिक्षण वर्ग आयोजित होगा। संवाद