बलरामपुर। अपना दल (एस) पार्टी पिछड़ों और गरीबों की सच्ची हितैषी है। अपना दल पिछड़ों की भावनाओं के साथ खड़ी है। देश में जातिगत जनगणना का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार ही कराएगी।
यह बात अपना दल (एस) पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल ने कही। नगर के यूपीटी होटल में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रेसवार्ता कर एनडीए सरकार की खूबियों को गिनाया। कहा कि पिछड़ों को एनडीए सरकार ने मूलभूत सुविधाएं प्रदान की हैं। आज अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को भी योजनाओं का लाभ मिल रहा है।
मिशन 2024 के बारे में बताया कि लोकसभा चुनाव 2024 में अपना दल (एस) पार्टी एनडीए से मिलकर चुनाव लड़ेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुआई में उत्तर प्रदेश के 80 सीटों पर एनडीए के प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित होगी। बिहार सरकार ने चुनावी एजेंडा के तहत जातिगत जनगणना कराया है। जातिगत जनगणना अपना दल के लिए भावनात्मक मुद्दा है। एनडीए की सरकार देश में जातिगत जनगणना कराकर सही ढंग से आंकड़े जारी करेगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मिशन 2024 फतह करने के लिए कार्यकर्ताओं में जोश भरा। कहा कि चुनाव कार्यकर्ताओं के दम पर जीता जा सकता है। इसलिए कार्यकर्ता अभी से तैयारी शुरू कर दें। इससे पूर्व सदर विधायक पल्टूराम और जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि श्याम मनोहर तिवारी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।
इसी तरह भगवतीगंज, उतरौला व रेहरा बाजार में आयोजित समीक्षा बैठक में भी राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस अवसर पर सुनील राधेश्याम वर्मा, डॉ. सुरेश पटेल, विजय कुमार, अजीत सिंह, ताजुद्दीन खां, विनोद कुमार, राजेश पटेल, पुजारी लाल वर्मा, सुभाष चौधरी व मंशाराम वर्मा आदि मौजूद रहे।