बलरामपुर। चार करोड़ रुपये से नगर के करीब एक लाख लोगों को पेयजल मुहैया कराया जाएगा। सभी को पेयजल मिले इसके लिए नगर के 25 वार्डों में पाइप लाइन का विस्तार किया जाएगा। बलुहा पुलिस चौकी के पास मिनी नलकूप स्थापित किया जाएगा। तीन स्थानों पर सोलर पंप के माध्यम से भी शुद्ध पानी की व्यवस्था की जाएगी।
राज्य सेक्टर कार्यक्रम अंतर्गत करीब एक लाख आबादी वाले इस नगर में पाइप लाइन विस्तार के लिए चार करोड़ रुपये का चार करोड़ 15 लाख 92 हजार का बजट स्वीकृत किया गया है। बजट का प्रथम किश्त 75 लाख रुपये की धनराशि अवमुक्त कर दी गई है। इस बजट से नगर के सभी 25 वार्डों में जिन स्थानों पर वाटर सप्लाई की व्यवस्था नहीं है वहां पाइप लाइन बिछाई जाएगी। इसके अतिरिक्त बलुहा पुलिस चौकी के पास मिनी नलकूप की स्थापना का कार्य किया जाएगा।
नगर में पेयजल की उपलब्धता के लिए वीर विनय चौराहा स्थित हनुमानगढ़ी मंदिर, उदासीन संगत गेल्हापुर एवं मोहल्ला खलवा-झंझरा स्थित मलिन बस्ती में सोलर पंप लगाने का कार्य भी होगा। इस परियोजना के तहत निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं प्रगति के अनुश्रवण के लिए उच्च स्तरीय समिति का गठन किया जाएगा।
राज्य सेक्टर कार्यक्रम के अंतर्गत नगर के खराब नलकूपों का रिबोर कराने के लिए नगरीय पेयजल योजना के तहत 84.90 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। नलकूपों को रिबोर करने के लिए प्रथम किश्त के रूप में 50 लाख रुपये की धनराशि अवमुक्त भी कर दी गई है। स्वीकृत बजट से नगर के खराब नलकूपों का रिबोर कराया जाएगा।