बलरामपुर में स्थित केजीबीवी विद्यालय जंगलगांव।-संवाद
बलरामपुर। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में छात्राओं की खेल प्रतिभा को निखारा जाएगा। एक कस्तूरबा एक खेल योजना के माध्यम से प्रत्येक कस्तूरबा विद्यालय के लिए खेलों का चयन किया जाएगा। विद्यालय के लिए चयनित खेल में छात्राओं का अभ्यास कराकर उन्हें निपुण बनाया जाएगा। केजीबीवी में नए सत्र से खेलों के चयन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
जिले में 11 कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय संचालित हैं। इनमें 1100 छात्राएं अध्ययनरत हैं। विद्यालय में बालिकाओं के सर्वांगीण विकास के लिए तरह-तरह के इवेंट होते हैं। खेल में रुचि रखने वाली बालिकाओं को प्रोत्साहित किया जाता है। जिला समन्वयक प्रशिक्षण मोहित देव ने बताया कि नए सत्र में सभी कस्तूरबा विद्यालयों में एक नई पहल होगी। खेल विशेषज्ञों की टीम छात्राओं की खेल प्रतिभा को परखेगी, फिर विद्यालय के लिए एक खेल का चयन किया जाएगा।
इसके बाद विद्यालय में उस खेल को बढ़ावा देने के लिए नियमित अभ्यास कराकर प्रतिभाओं को निखारा जाएगा। बीएसए शुभम शुक्ल ने बताया कि इस पहल से विद्यालयों में खेल का अच्छा माहौल बनेगा। विद्यालयों की टीम को बड़े-बड़े खेल आयोजनों में खेलने का मौका दिया जाएगा। विद्यालयों से रिपोर्ट मांगी जा रही है, इसी के आधार पर खेलों का चयन किया जाएगा। (संवाद)