बलरामपुर। जिले में कोरोना का प्रकोप एक बार फिर बढ़ने लगा है। बुधवार को आई कोरोना रिपोर्ट में 27 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। पॉजिटिव पाए गए मरीजों को कोविड-केयर सेंटर में शिफ्ट किया गया है। सभी लोगों के कांटेक्ट की तलाश शुरू कर दी गई है। पॉजिटिव पाए गए व्यक्तियों के संपर्क में आए सभी लोगों का सैंपल जांच के लिए भेजा जाएगा।
जिला सूचना कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को आई कोरोना रिपोर्ट में सबसे अधिक छह व्यक्ति उतरौला में पॉजिटिव पाए गए हैं। इसके अतिरिक्त गजपुर ग्रंट व सादुल्लाहनगर में चार-चार, मथुरा बाजार शिवपुरा व बलरामपुर नगर के मोहल्ला पहलवारा में दो-दो व्यक्तियों की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। इसके अतिरिक्त जीबीनगर बलरामपुर, पुरानी बाजार पचपेड़वा, बलरामपुर ग्रामीण, मेवालाल तालाब बलरामपुर व सझवल श्रीदत्तगंज में भी एक-एक व्यक्तियों की रिपोर्ट पाजिटिव पाई गई है।
पॉजिटिव पाए गए इन व्यक्तियों को इलाज के लिए कोविड केयर सेंटर में शिफ्ट किया गया है। बुधवार को 12 कोरोना मरीजों की दूसरी रिपोर्ट निगेटिव मिली है। स्वस्थ होने वाले इन मरीजों को 14 दिन होम क्वारंटीन रहने का निर्देश देते हुए घर भेज दिया गया है। जिले में कुल पॉजिटिव केस की संख्या 1911 हो गई हैं। 1787 लोग स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। 29 लोगों की मौत हो चुकी है। जिले में एक्टिव केस 89 है।