बलरामपुर। भारत ने चंद्रमा पर चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग कर इतिहास रच दिया है। इस सफलता पर बुधवार की शाम शहर में उत्सव जैसा माहौल रहा। भारत माता की जय के जयकारों से पूरा शहर गुंजायमान हो उठा। लोगों ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर सफलता की खुशी जाहिर की।
सुबह से ही चंद्रयान की लैंडिंग का लाइव प्रसारण देखने के लिए पायनियर पब्लिक स्कूल, सेंट जेवियर्स स्कूल, स्कालर्स एकेडमी इंटर कॉलेज व प्राथमिक विद्यालय कालबनकट सहित जिले के सभी निजी व सरकारी विद्यालयों में इंतजाम किए गए थे। शाम चार बजे ही विद्यार्थी व शिक्षक से लेकर आम लोग टीवी व मोबाइल से लाइव प्रसारण देखने में जुट गए। शाम को जैसे ही चंद्रयान-3 ने चंद्रमा पर लैंडिंग की वैसे ही भारत माता की जयकारों से पूरा शहर गुंजायमान हो गया। भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय से जुलूस निकाला। वीर विनय चौराहे पर मिठाई बांटकर खुशियां मनाई गईं।