बलरामपुर। बलरामपुर चीनी मिल के केमिकल डिवीजन में बुधवार को एसी की मरम्मत करते समय विस्फोट हो गया। विस्फोट के चलते चीनी मिल के सीनियर इलेक्ट्रीशियन की मौके पर ही मौत हो गई। दो अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां से लखनऊ रेफर कर दिया गया। मृतक की पत्नी ने नगर कोतवाली में तहरीर देकर चीनी मिल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
बलरामपुर चीनी मिल के पावर डिवीजन का एसी खराब था। बुधवार को सीनियर इलेक्ट्रीशियन बिहार के जिला छपरा निवासी बृजेंद्र बहादुर शर्मा और मैकेनिक प्रभाकर व अनवर एसी की मरम्मत कर रहे थे। इसी बीच एसी के कम्प्रेशर में जबरदस्त विस्फोट हुआ। जिसके चलते सीनियर इलेक्ट्रीशियन बृजेंद्र बहादुर शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कोतवाली बलरामपुर देहात के ग्राम जमुनही निवासी मकैनिक प्रभाकर व इटियाथोक जिला गोंडा निवासी मैकेनिक अनवर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर दोनों काे लखनऊ रेफर कर दिया गया।
मृतक की पत्नी शिखा शर्मा ने नगर कोतवाली में तहरीर देकर कहा है कि एसी खराब होने की सूचना पूर्व में ही पति ने चीनी मिल के उच्चाधिकारियों को दी थी। मिल प्रबंधन की लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ है। प्रभारी निरीक्षक विमलेश कुमार ने बताया कि मृतक की पत्नी ने तहरीर दी है। मामले की छानबीन की जा रही है।
केमिकल डिवीजन में खराब एसी की मरम्मत के दौरान हादसा हुआ है। मृतक के परिजनों के प्रति पूरी सहानुभूति है। परिजनों को नियमों के तहत आर्थिक सहायता दी जाएगी। परिजनों से वार्ता की जा रही है।
राजीव अग्रवाल, प्रधान प्रबंधक वित्त एवं कार्मिक